हवाई सफर में हर दिन रिकॉर्ड बना रहे बिहारी, पटना से एक दिन में 9600 से अधिक उड़े

पटना: विमान से यात्रा करने में बिहार हर दिन नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। महापर्व छठ के बाद काम पर लौटने वालों की संख्या काफी अधिक है। यही वजह है कि रविवार को पटना एयरपोर्ट पर मुसाफिरों की जबर्दस्त भीड़ रही। यहां से रविवार को रिकॉर्ड 9600 से ज्यादा लोगों ने विमान से सफर किया। 55 विमानों से 9686 यात्री देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए रवाना हुए। पटना से इससे पहले 8470 यात्रियों के सफर का रिकॉर्ड रहा है। अब नया रिकॉर्ड 1216 से बढ़कर 9686 हो गया है। पटना एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक वहां सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे और फिर शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक सबसे ज्यादा यात्रियों का दबाव रहा। इस दौरान दोनों स्लॉटों में नौ-नौ विमानों ने टेकऑफ किया।

1500-1500 यात्री पटना से रवाना हुए। दोपहर दो से दोपहर चार के बीच सात विमान उड़े। इनमें लगभग 1200 यात्री सवार थे। इंडिगो एयरलाइंस के विमानों से 5300 अधिक यात्री रवाना हुए। जबकि पटना आने वाले यात्रियों की संख्या करीब 7 हजार रही। देर रात तक पटना से आने-जाने वाले यात्रियों की कुल संख्या 16.6 हजार रही। दूसरी ओर दरभंगा एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वालों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले एक साल में यहां से हजारों लोगों ने उड़ान भरी है। जबकि वहां से फिलहाल आधा दर्जन शहरों के लिए ही विमान उड़ते हैं।

विमानों कंपनियां– प्रस्थान- यात्री
इंडिगो-                     30         -5371
स्पाइसजेट-               10         -1906
गो एयर-                    09         -1574
एयर इंडिया-             04          -553
विस्तारा-                   02           -282

दिसंबर में जारी होगा संशोधित विंटर शेड्यूल
दिसंबर में विमानों का विंटर शेड्यूल फिर से जारी किया जाएगा। संशोधित शेड्यूल में करीब 12 विमान रद्द रहेंगे। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने धुंध के मद्देनजर इन विमानों को स्थगित किया है। इनमें आधा दर्जन विमान इंडिगो एयरलाइंस की हैं। शेष आधा दर्जन गो एयर और स्पाइसजेट के हैं। एयर इंडिया का भी एक विमान रद्द रहने की आशंका है। फिलहाल पटना से 55 जोड़े विमान हर दिन परिचालित किए जा रहे हैं। धुंध के कारण 12 विमान स्थगित हो जाने पर 43 जोड़े विमान ही परिचालित होंगे। बताया जा रहा है कि 15 दिसंबर के आसपास विमानों को स्थगित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से पहले या रात 8 बजे के बाद वाले ज्यादातर विमान स्थगित किए जाएंगे।

 

Input: Daily Bihar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *