गांधी सेतु पर लगा रहा भीषण जाम, एंबुलेंस से उतार मरीज को बाइक ले जाया गया पटना, विधायक भी परेशान

महात्मा गांधी सेतु पर सोमवार को भीषण जाम लग गया। लगभग चार घंटे लगे जाम से सेतु से यात्रा कर रहे यात्री कराह उठे। कई एंबुलेंस भी इसमें फंसे रहे। सेतु पर ट्रक के खराब होने कारण ये जाम लग गया था। बाद में जब दूसरे ट्रक से इसे खींचकर ले जाया गया, तब जाकर चार घंटे बाद जाम खत्म हो गया। सोमवार को सेतु पर एक ट्रक खराब हो गया और जाम लगना शुरू हो गया।

सेतु के पूर्वी लेन पर निर्माण कार्य होने के कारण पश्चिमी लेन पर ही वाहनों का परिचालन हो रहा है। समय पर तैनात पुलिस द्वारा सक्रियता नहीं दिखाने से जाम की स्थिति बिगड़ती चली गई। इस जाम में महुआ के राजद विधायक डॉ. मुकेश रौशन भी फंसे। प्रशासनिक अधिकारी भी इसमें फंसे हुए थे। पटना जाने वाले कई मरीजों को जाम में काफी दिक्कत हुई। बिदुपुर प्रखंड के मझौली की रहने वाली एक महिला प्रसव पीड़ा से परेशान थी और इसे पटना के त्रिपोलिया अस्पताल में भर्ती कराना था। परिजनों नेे एक बाइक की व्यवस्था की और दर्द से कराह रही महिला को बाइक से ले गए।

जीरो माइल के पास भी जाम :सेतु जाम का असर राजमार्ग पर भी पड़ा। जहां थोड़ी देर के लिए वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। जीरो माइल के पास जाम लगने के कारण फोरलेन पर पहाड़ी मोड़ तक वाहनों की कतार लग गई। जीरो माइल के पास तैनात ट्राफिक के जवानों ने बड़े मालवाहक वाहनों को किनारे कर छोटी गाड़ियों को आगे की ओर बढ़ाया। करीब एक घंटे बाद वाहनो का आवागमन सामान्य हो सका।

 

Input: Daily Bihar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *