पटना की सड़कों पर ‘यमराज’ बन दौड़ी बेकाबू कार, 7 लोगों को कुचला, 2 की मौत, 5 की हालत गंभीर

पटना में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामकृष्‍णा नगर थाना क्षेत्र में बाइपास रोड पर एक कार ने मॉर्निंग वॉक पर निकले 7 लोगों को कुचल दिया। इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोगों की हालत गंभीर है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने घायलों को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया और कार सवार को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने दो लोगों को पकड़ा और मारपीट करने लगे। इसके बाद दोनों को मंदिर में बंद कर दिया।




इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों को छुड़ाने का प्रयास कर ही रही थी कि लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस की गाड़ी पर पथराव करने लगे। साथ ही कार को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान दो सिपाहियों के जख्‍मी होने की बात सामने आ रही है। हाइवे जाम होने से आवागमन बाधित हो गया। इसके बाद पुलिस के वरीय पदाधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया और दोनों को पुलिस हिरासत में अस्पताल भेजा दिया।


भागने के क्रम में गड्‌ढे में फंस गई
लोगों का कहना है- ‘मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार (BH 01 DB 6001) ने मॉर्निंग वॉक पर निकले 7 लोगों को रौंद दिया। भागने के क्रम में कार सड़क के किनारे एक गड्‌ढे में फंस गई। कार में 4 लोग सवार थे। इसमें से दो फरार हो गए, जबकि दो को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।’


मृतकों की पहचान रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के लालू पथ निवासी घनश्याम त्रिवेदी (65) और अशोक कुमार (50) के रूप में हुई है। घायलों में रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित सोरंगपुर निवासी धीरज कुमार, छोटू कुमार, चांगर निवासी कृष्णा राय और दो अन्य घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। लोगों का कहना है- ‘बाइपास पर पुलिस प्रशासन बेलगाम रफ्तार से जा रहे वाहनों पर रोक लगाने में पूरी तरह विफल साबित होती रही है। पहले भी बाइपास पर तेज रफ्तार में कई लोगों की जान ले ली है।’


पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया
रामकृष्णा नगर थानेदार सिकंदर खान ने बताया- ‘तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हुई है, जबकि 5 लोगों का इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से कार सवार दो लोगों को पकड़ लिया गया है। आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव किया है। अशांति फैलाने वालों की तलाश की जा रही है। CCTV फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।’

INPUT: Bhaskar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *