ट्रैफिक पुलिस पर लगाम- चेकिंग के दौरान बदसलूकी न करने आ आदेश, आम लोगों से अच्छा व्यवहार करना होगा

अमूमन ट्रैफिक जांच के नाम पर लोगों को परेशान किया जाता है। लोगों को ज्यादा परेशानी ट्रैफिक पुलिस के आचरण से होती है। ट्रैफिक पुलिस गाड़ी रोकने के साथ ही बदतमीजी करने लगती है। जैसे बिना कुछ बताये गाड़ी से चाबी निकाल लेना, गाड़ी पर डंडा मार देना, बदतमीजी से बात करना आदि ट्रैफिक जांच में लगे जवानों की आदत में शुमार होता है। लेकिन अब बिहार पुलिस की छवि बदलने की दिशा में इस पर भी काम करने का निर्णय लिया गया है। इस तरह की शिकायत मिलने पर पुलिस मुख्यालय ने नाराजगी जताई है। ट्रैफिक आईजी एमआर नायक ने बिहार के सभी जिलों को पत्र लिखकर कहा है कि ट्रैफिक पुलिस के इस तरह के व्यवहार से आम लोगों में गुस्सा और आक्रोश है। इससे कई कानूनी समस्याएं खड़ी हो रही है। सिस्टम में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ट्रैफिक आईजी ने लिखा है कि उन्हें ट्रैफिक पुलिस द्वारा विभिन्न स्तरों से इस तरह के व्यवहार की जानकारी मिल रही है।

 

 

 

 

 

यातायात आईजी ने सभी जिलों को लिखे पत्र में कहा है- यातायात में तैनात पुलिस अधिकारी व पुलिसकर्मी वाहन जांच के दौरान अपने आचरण और व्यवहार से आम जनता को धैर्यपूर्वक संतुष्ट करते हुये व्यवहार करे। वाहन चलाते समय एमवी एक्ट के तहत नियमानुसार जांच कर कार्रवाई करे। वाहन चेकिंग के दौरान अपने व्यवहार को सही रखते हुये जुर्माना वसूली व अन्य कार्रवाई की जा सकती है। अगर अच्छा व्यवहार किया जाये तो आम लोगों में नाराजगी का भाव नहीं रहेगा।
ट्रैफिक आईजी ने सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिये हैं कि ट्रैफिक कार्य में लगे पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर जाने से पहले इसकी जानकारी दी जाये। उन्हें बताया जाये कि वाहन चेकिंग के दौरान उन्हें आम जनता के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिये। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा है कि ड्यूटी करने के बाद उन पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से दोबारा बात की जाये और उन्हें ड्यूटी के दौरान देखी गई उनकी कार्यशैली के बारे में बताया जाये और उसमें सुधार किया जाये।
ट्रैफिक पुलिस के दुर्व्यवहार के किस्से पटना ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में बेहद आम हैं। आयेदिन हंगामे की खबरें, अखबारों की सुर्खियां बनते हैं। ट्रैफिक पुलिस का व्यवहार दो पहिया वाहनों को लेकर बेहद ही खराब होता है।

 

Input: Live Bihar

Share This Article.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *